छोटी उम्र में ही अपनी बेटी को दीजिए ‘सुकन्या’ का वरदान, 21 साल बाद बन जाएगी धनवान

हर मां-बाप अपनी बेटी के भविष्‍य के लिए पैसे जोड़ना चाहता है ताकि उसकी पढ़ाई-लिखाई और शादी का खर्च आसानी से पूरा हो सके. बचत और निवेश के वैसे तो तमाम विकल्‍प मौजूद हैं लेकिन अगर आप रिस्‍क नहीं लेना चाहते हैं तो मोदी सरकार की यह योजना बेहतरीन रिटर्न देने के साथ ही इनकम टैक्‍स बचाने में भी मददगार है. छोटी उम्र में ही अगर आप अपनी बेटी को ‘सुकन्या’ होने का वरदान देंगे तो 21 साल के बाद आपकी बेटी धनवान बन जाएगी. 

हम बात कर रहे हैं सुकन्‍या समृद्धि योजना की. सुकन्‍या समृद्धि योजना पर न सिर्फ PPF की तुलना में ज्‍यादा ब्‍याज मिलता है बल्कि यह आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत 1.5 रुपए तक के निवेश पर कर में कटौती का लाभ भी देती है.

मिल रहा है 7.6 फीसदी का रिटर्न


सुकन्‍या समृद्धि योजना के तहत अभी 7.6 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है. जबकि पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) पर अभी 7.1 फीसदी का रिटर्न मिल रहा है. पैसों में बढ़ोतरी के नजरिए से यह योजना सबसे अच्‍छी है. इसकी ब्‍याज दरें हर तिमाही के लिए तय की जाती हैं. मौजूदा ब्‍याज दर 1 जुलाई 2020 से 30 सितंबर 2020 तक के लिए प्रभावी है.

सुकन्‍या समृद्धि योजना में कम नहीं हैं फायदे


सुकन्‍या समृद्धि योजना की घोषणा के वक्त से ही इस पर PPF की तुलना में ज्‍यादा ब्‍याज मिल रहा है. इसमें जमा की जाने वाली राशि पर आपको आयकर अधिनियम की धारा 80C के तहत 1.5 लाख रुपए तक की राशि पर कटौती का लाभ मिलता है. न केवल इस पर मिलने वाले ब्‍याज बल्कि मैच्‍योरिटी पर मिलने वाली रकम भी टैक्‍स फ्री होती है.

कब निकाल सकते हैं खाते से पैसे


बेटी के 18 साल के होने से पहले आप पैसे नहीं निकाल सकते. उसके 21 साल के होने पर अकाउंट मैच्‍योर हो जाता है. बेटी के 18 साल पूरे करने के बाद आपको आंशिक निकासी की सुविधा मिलती है. मतलब आप खाते में जमा रकम का 50% तक निकाल सकते हैं. दुर्भाग्‍य से अगर बच्‍ची की मृत्‍यु हो जाती है तो खाता तुरंत बंद हो जाएगा. ऐसे मामले में खाते में पड़ी रकम अभिभावक को दे दी जाती है.

सुकन्‍या समृद्धि योजना के तहत खाता की शर्त


आप यह खाता तभी खुलवा सकते हैं जब आप लड़की के प्राकृतिक या कानूनन अभिभावक हों. आप एक बेटी के नाम से एक ही खाता खुलवा सकते हैं. कुल मिलाकर आप दो बेटियों के नाम यह खाता खुलवा सकते हैं लेकिन अगर दूसरी बेटी के जन्‍म के समय आपको जुड़वां बेटी होती है तो आप तीसरा खाता भी खुलवा सकते हैं.

कितने पैसे करवा सकते हैं जमा


सुकन्‍या समृद्धि योजना के खाते में आप शुरू में न्‍यूनतम 1,000 रुपए जमा करवा सकते हैं. इस खाते में एक साल में अधिकतम डेढ़ लाख रुपए जमा करवाया जा सकता है. अगर आप किसी साल न्‍यूनतम राशि जमा नहीं करवाते हैं तो अगली बार पैसे जमा करवाते समय 50 रुपए की पेनाल्‍टी देनी होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *